http://www.mpinfo.org/mpinfonew/newsdetails.aspx?newsid=100414N20&flag1=0
महिला सशक्तीकरण में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण - मुख्यमंत्री श्री चौहान |
यू.एन.एफ.पी.ए. लाड़ली मीडिया पुरस्कार वितरित |
Bhopal:Wednesday, April 14, 2010: Updated22:39IST |
मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े मामलों में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। मीडिया के सतत प्रयत्नशील रहने से महिला सशक्तीकरण के अभियान को और गति मिलेगी। विज्ञापनों में महिलाओं का सम्मान कायम रहे और वे लैंगिक भेदभाव की शिकार न हों इसके लिये निरंतर सजग रहने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहां समन्वय भवन में महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर उत्कृष्ट मीडिया कव्हरेज के लिये उत्तरी क्षेत्र के 10 राज्यों के 22 मीडिया कर्मियों को वर्ष-2009-10 के लाड़ली मीडिया पुरस्कार प्रदान कर रहे थे। ये पुरस्कार युनाइटेड नेशन्स पॉप्युलेशन फंड (यू.एन.एफ.पी.ए.) द्वारा दिये जाते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने यू.एन.एफ.पी.ए. लाड़ली मीडिया पुरस्कारों से पुरस्कृत पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा कि इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया द्वारा भारतीय मूल्यों को कायम रखने के लिये सराहनीय भूमिका निभाई जा रही है। महिलाओं का चित्रण भी अखबारों से लेकर विज्ञापन होर्डिंग्स और खेल मैदानों तक गरिमापूर्ण हो, इस दिशा में सतत सजग रहने की जरूरत है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में महिलाओं को स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत स्थानों पर आरक्षण की व्यवस्था से उनके सम्मान में वृद्धि हुई है। शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति में भी उन्हें आरक्षण दिया गया। मध्यप्रदेश में महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान के साथ रोजगार के अवसर देने पर निरंतर ध्यान दिया जायेगा। भोपाल की महापौर श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाड़ली लक्ष्मी योजना, कन्यादान योजना, महिला श्रमिकों को प्रसूति अवकाश, संस्थागत प्रसव पर प्रोत्साहन, शिक्षा के लिये अनेक सुविधाएं देकर महिला कल्याण की दिशा में अभूतपूर्व कदम उठाये हैं। मीडिया की सकारात्मक भूमिका से महिलाओं के प्रति समाज का दृष्टिकोण पहले से बेहतर हुआ है। समारोह को यू.एन.एफ.पी.ए. के भारत स्थित प्रतिनिधि श्री नेसिम टुमकाया, कार्यक्रम निदेशक डॉ. ए.एल. शारदा और श्री बॉबी सिस्टा ने भी सम्बोधित किया। प्रारंभ में नृत्यांगना डॉ. लता सिंह मुंशी और उनकी शिष्याओं ने 'स्त्री तत्व' नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया। सरोकार संस्था की ओर से श्रीमती कुमुद सिंह के निर्देशन में झुग्गी बस्तियों की कन्याओं ने गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन श्री इरफान सौरभ ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान और महापौर श्रीमती कृष्णा गौर ने मीडिया कर्मियों को पुरस्कृत किया। पुरस्कृतों में हिन्दी, अंग्रेजी, उर्दू, पंजाबी भाषाओं के मध्यप्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तरांचल, छत्तीसगढ़, दिल्ली और चंडीगढ़ राज्यों के मीडियाकर्मी शामिल हैं। पुरस्कृतों में सर्वश्री श्री राजेश माली और श्री शुरैह नियाजी, सुश्री गीताश्री, मो. अनीसुर्रहमान खान, सुश्री नुसरत आरा, श्री जगतार सिंह भुल्लर, सुश्री अन्नपूर्णा झा, सुश्री गीतांजलि गायत्री, सुश्री नेहा दीक्षित, श्री सुखवीर सिवाच, सुश्री दीपिका ठस्सू, सुश्री पारिजात वंदोपाध्याय, सुश्री ऋचा अनिरूद्ध, सुश्री अर्चना शर्मा, श्री हेमंत पाणिग्रही, सुश्री दिव्या शाह, सुश्री सुतापा देब, सुश्री अनन्या चक्रवर्ती, सुश्री स्मृति जोशी, सुश्री रेणुका नैय्यर, सुश्री विभारानी, सुश्री अफसाना राशिद, सुश्री रत्ना भराली तालुकदार, सुश्री शैलजा चन्द्रा, सुश्री शोमा चटर्जी शामिल हैं। पुरस्कार कार्यक्रम का संचालन यू.एन.एफ.पी.ए. की क्षेत्रीय समन्वयक सुश्री मीनू तलवार ने किया। इस अवसर पर पुरस्कारों के गठित निर्णायक समिति के सदस्य दैनिक भास्कर के सम्पादक श्री अभिलाष खांडेकर और श्रीमती निर्मला बुच उपस्थित थे। |
अशोक मनवानी |
No comments:
Post a Comment